ओडीओपी योजना से मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को मिली नई उड़ान
135 करोड़ के ऋण से बढ़ा कारोबार]- जिले में 104 खेल सामग्री उत्पादकों को दी गई 12 करोड़ की सब्सिडी
- इस साल 360 उद्योगों को दिया जाएगा योजना का सीधा लाभ
मेरठ। खेल सामग्री निर्माण के लिए देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाले मेरठ के उद्योगों को योगी सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना ने नई रफ्तार दी है। बीते वित्तीय वर्ष में जिले के 104 खेल सामग्री उद्यमियों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 135 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया, जबकि 12 करोड़ रुपये का अनुदान भी दिया गया। इसका असर यह रहा कि जिले में 100 से अधिक उद्योगों का विस्तार हुआ और करीब 80 नए उद्यम स्थापित हुए।
मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को ओडीओपी योजना के तहत विशेष उत्पाद के रूप में शामिल किया गया है। योजना का उद्देश्य पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ नए उद्यमियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला उद्योग केंद्र को कुल 238 आवेदन मिले थे। इनमें से जांच के बाद 104 आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वीकृत लाभार्थियों को विभिन्न बैंकों से 135 करोड़ रुपये का ऋण दिलाया गया, जबकि 12 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी उपलब्ध कराई गई। इससे उद्योगों में निवेश बढ़ा और उत्पादन क्षमता का विस्तार हुआ।
इस साल 14.5 करोड़ रुपये की सब्सिडी का लक्ष्य
वर्तमान वित्तीय वर्ष में सरकार ने मेरठ के खेल सामग्री उद्योग को और गति देने के लिए 14.5 करोड़ रुपये के अनुदान का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत करीब 360 उद्यमियों को लाभान्वित किया जाएगा। योजना में ऋण राशि पर 20 से 25 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलेगी। अधिकतम 20 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। उद्यमी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी बैंक से ऋण लेकर योजना का लाभ उठा सकेंगे। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि ओडीओपी योजना के कारण जिले में नए उद्योग तेजी से स्थापित हो रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और मेरठ की खेल सामग्री की वैश्विक पहचान भी लगातार मजबूत हो रही है।
अधिकारी बोले
उपायुक्त (उद्योग) ने कहा कि मेरठ की खेल सामग्री की विश्व बाजार में पहले से मजबूत पहचान है। ओडीओपी योजना के जरिए इस उद्योग को नई दिशा मिली है। नए उद्यमी सामने आ रहे हैं और उद्योग लगातार विस्तार की ओर बढ़ रहा है।


No comments:
Post a Comment