एसटीएफ–पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
गोरखपुर में कार्रवाई के दौरान मुख्य आरक्षी घायल, हथियार और बाइक बरामद
गोरखपुर, 14 जुलाई। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रविवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू मारा गया। मुठभेड़ के दौरान एक मुख्य आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल के कुशीनगर की ओर जाने की सूचना मिलने पर एसटीएफ और खोराबार थाना पुलिस ने रामनगर करजहा क्षेत्र के पास संयुक्त घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घिरने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसटीएफ के अनुसार, मुस्तफिजुल आजमगढ़ जिले के मेहनगर क्षेत्र का निवासी था और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी, चोरी तथा पुलिस हिरासत से फरार होने सहित दस आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2021 के एक हत्या के मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसका नाम बसपा नेता कमालुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड में भी सामने आया था।
पुलिस ने घटनास्थल से एक .32 बोर की पिस्टल, एक मोटरसाइकिल, कारतूस तथा कई खोखे बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment