एनसीआरटीसी ने सराय काले खाँ नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया नेत्र जाँच शिविर

मेरठ। यात्री सुविधा एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, एनसीआरटीसी ने आज, मंगलवार 21 जुलाई 2026 को सराय काले खाँ नमो भारत स्टेशन पर निशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया।

इस पहल का उद्देश्य नेत्र स्वास्थ्य के विषय में जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द पता लगाना और नमो भारत यात्रियों तथा अन्य लोगों को निशुल्क नेत्र जाँच की सुविधा प्रदान करना था। इस शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की दृष्टि जाँच की और उन्हें इसका विशेष ख्याल रखने संबंधी सलाह दी। दिल्ली के नेत्रम आई फ़ाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस पहल को, भाग लेने वालों ने खूब सराहा। इस शिविर का आयोजन स्टेशन के गेट नंबर 4 के पास कॉनकोर्स लेवल पर किया गया था।

तेज़ी से डिजिटल होती दुनिया में, सभी उम्र के लोग, चाहे वे छात्र हों, कामकाजी पेशेवर हों, गृहणियाँ हों या बुज़ुर्ग, डिजिटल स्क्रीन के सामने काफ़ी समय बिताते हैं। लंबे समय तक स्क्रीन को देखते रहने से आँखों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए नियमित रूप से आँखों की जाँच और समय पर देखभाल के लिए उपाय करना पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरी हो गया है।

एनसीआरटीसी, नमो भारत कॉरिडोर पर बेहतर यात्री सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु समय-समय पर विभिन्न पहल करता रहता है। इस साल की शुरुआत में महिला यात्रियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नमो भारत स्टेशनों पर दो-दिवसीय जागरूकता अभियान आयोजित किया गया था। इस पहल का उद्देश्य मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर संवाद को प्रोत्साहित करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

ऐसी पहलों के ज़रिए, एनसीआरटीसी का उद्देश्य यात्रियों और आम जनता के बीच सेहत के विषय में जागरूकता को बढ़ावा देना और स्वास्थ्य देखभाल के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। तेज़, विश्वसनीय और आरामदायक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ-साथ, नमो भारत स्टेशनों और ट्रेनों को समावेशी एवं संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts