बारिश के जलभराव से पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार के घर में घुसा सांप

ऐरा कॉलोनी में दो दिन से जलनिकासी ठप, नगर आयुक्त से लगाई गुहार

मेरठ। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। रोहटा रोड स्थित ऐरा कॉलोनी में हालात ऐसे हैं कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार के घर में सांप घुस गया। घटना के बाद उन्होंने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार से फोन पर संपर्क कर तत्काल जलनिकासी कराने की मांग की।

प्रवीण कुमार ने बताया कि ऐरा कॉलोनी में पिछले दो दिनों से बारिश का पानी भरा हुआ है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच गया है। जलभराव के चलते झाड़ियों में रहने वाले सांप और अन्य जीव-जंतु रिहायशी इलाकों में निकलकर लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं।

शनिवार को उनके घर में एक सांप घुस गया, जिसे आसपास के लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इससे पहले शुक्रवार को भी कॉलोनी के एक अन्य मकान में सांप निकलने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगर निगम से जल्द जलनिकासी कराकर क्षेत्र में राहत पहुंचाने की मांग की है।

पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने कहा कि समस्या केवल उनके घर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी कॉलोनी के लोग जलभराव से परेशान हैं। उन्होंने नगर निगम से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts