भाजपा सरकार की नीतियों पर सपा का हमला, संगठन विस्तार पर रहा विशेष जोर
हिंदू-मुस्लिम एकता के संदेश के साथ हुई कार्यकर्ताओं की बैठक
सदस्यता अभियान और जनसंपर्क तेज करने का किया आह्वान
छतारी : कस्बे के मोहल्ला गोपालगंज स्थित समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष शमशुद्दीन सैफी के आवास पर रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदू-मुस्लिम एकता, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को पार्टी मंच के माध्यम से शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प भी लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष शर्मा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से किसान, युवा, व्यापारी, मजदूर और आम नागरिक अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जनता इन समस्याओं से परेशान है और सरकार मूलभूत मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों तथा पूर्व की समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने, आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर आरडी शर्मा, अखलेश, जयप्रकाश, ललित, केके शर्मा, लाला शर्मा, लोकेश, सचिन शर्मा, कुशल शर्मा, इस्लाम पहलवान (पूर्व नगर अध्यक्ष), हाफिज मकसूद, सफीक कुरैशी, कुंवर सरफराज, यूनिश खां, शमशुद्दीन सैफी, इरशाद खां, अबरार सिद्दीकी, अजमेरी खां, उमेश कुमार, तौफ़ीक़, राशिद, कौशल पंडित सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment