पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधरोपण

वसुंधरा उपकेंद्र परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

मेरठ/गाजियाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सेक्टर-16 वसुंधरा स्थित उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

रवीश गुप्ता ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रेरणादायी प्रयास है, जो प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। निगम प्रबंधन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और सतत विकास से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता बृजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता अखिलेश सिंह, अधिशासी अभियंता अजय कुमार, अधिशासी अभियंता अमित झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts