वेंकटेश्वरा विवि में 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ

वृहद पौधरोपण, पर्यावरण जागरूकता रैली और प्लास्टिक मुक्त भारत का लिया संकल्प

मेरठ। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश तथा श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय (वीजीआई) एवं विम्स मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता रैली और शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक पौधरोपण और प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे तथा अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर किया।

संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी ने कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य सामाजिक आयोजनों पर पौधे लगाकर तथा पौधे उपहार में देकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से प्रकृति संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।



मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश शासन के आवास आयुक्त बलकार सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधारोपण का अभियान विश्व की सबसे बड़ी हरित पहल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 और ग्रीन इंडिया के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृहद वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे ने बताया कि विश्वविद्यालय पूरे जुलाई माह वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम संचालित करेगा। कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सीडीओ अश्वनी मिश्र, एडीएम गरिमा सिंह, एसडीएम चंद्रकांता, डीएफओ राजीव सिंह, कुलसचिव डॉ. पीयूष कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts