मायके पहुंची महिला के उड़े होश, टूटा मिला घर का ताला

कब्जे का विरोध करने पर चाकू-डंडों से हमले का आरोप, डायल-112 पहुंचने से पहले आरोपी फरार

मेरठ। इंचौली थाना क्षेत्र के तोफापुर गांव में संपत्ति विवाद को लेकर विवाद हिंसक हो गया। सहारनपुर निवासी एक महिला ने अपने ताऊ-चाचा और उनके परिजनों पर मायके के मकान का ताला तोड़कर कब्जा करने और विरोध करने पर चाकू व लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

सहारनपुर निवासी मुन्नी देवी का आरोप है कि वह अपनी बहन उषा और बेटे अनुराग के साथ बुधवार को अपने मायके तोफापुर गांव स्थित मकान से सामान लेने पहुंची थीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर उनके ताऊ-चाचा पक्ष के लोग मौजूद थे।

पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो टीकम और उसके बेटे ललित ने कथित तौर पर कहा कि अब इस मकान पर उनका कब्जा है और यहां उनका कोई सामान नहीं है।

विरोध करने पर हमला करने का आरोप

महिला का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने अन्य परिजनों बीनू, अवनीश और जॉनी उर्फ अश्विनी को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर कथित रूप से चाकू, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अनुराग के साथ भी मारपीट की गई।

हमले के दौरान पीड़ित परिवार ने किसी तरह डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts