शास्त्रीनगर में धरने में पहुंचे पूर्व सांसद अवतार भड़ाना
सीएम से गुहार लगाकर और कोर्ट में अपील कर बचाऊंगा आपका घर-व्यापार
मेरठ। शास्त्री नगर के सेक्टर 2 में सेटबैक के विरोध में चल रहे महिलाओं के धरने प्रदर्शन के 80वें दिन रविवार को पूर्व सांसद अवतार सिंह भडाना महिलाओं के बीच पहुंचे। वहां उन्होंने मौजूद महिलाओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि जल्द ही आपको राहत दिला आपके बीच फिर से आऊंगा।
अवतार भड़ाना ने महिलाओं से कहा कि इस क्षेत्र ने मेरे बुरे वक्त में मेरा साथ दिया है और मुझे जैसे ही पता चला कि मेरा यह परिवार यहां मुसीबत में है तो मैं उनसे मिलने चला आया। वहीं देर से आने पर उन्होंने कहा कि वह अस्वस्थ थे जिसके चलते उनको पता नहीं चला था कि यहां लोगों के घर व्यपार खत्म होने की कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि मैं इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलकर उनके सामने हाथ जोड़कर आपके मकानों की रक्षा की गुहार लगाऊंगा , इसके साथ ही जो भी मैं कर सकता हूं कि जिस से आपका व्यापार बच सके मैं वह हर संभव प्रयास करूंगा और आपको राहत दिलाऊंगा।
भाजपा जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए अवतार भड़ाना ने कहा कि यदि सरकार और उसके जनप्रतिनिधि लोगों की पीड़ा को समझते, तो ऐसी नौबत नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों पर अन्याय हुआ है और वह हर तरह के जुल्म के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए।
वहीं 2027 के चुनाव के बारे मे सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि न तो मैं यहां किसी राजनैतिक मंशा से आया हूं और न ही अभी मैंने कुछ तय किया है कि मैं कहां से चुनाव लड़ूंगा, मैं मेरठ के इन लोगों को परिवार समझता हूं इसलिए इनकी परेशानी में इनके बीच पहुंचा हूं।


No comments:
Post a Comment