शिकायतों का नहीं, समस्या की जड़ का हो समाधान : पीवीवीएनएल एमडी
मेरठ, 21 जुलाई। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के ऊर्जा भवन, मेरठ में मंगलवार को आयोजित संभव जन-सुनवाई में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन-सुनवाई के दौरान मीटर, बिजली बिल, नए विद्युत कनेक्शन, पोल सहित अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित कुल 34 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर उपभोक्ताओं को राहत दी गई, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का केवल निस्तारण नहीं, बल्कि उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का विश्लेषण कर उनके मूल कारणों की पहचान की जाए, ताकि एक ही समस्या की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही के लिए जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।
जन-सुनवाई में डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्य अभियंता पी.के. सिंह, मो. सगीर, राजकुमार, गुलाब सिंह, गुरजीत सिंह एवं रजनीकांत मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जन-सुनवाई में अधीक्षण अभियंता अनुराग भल्ला, अभिषेक सिंह और मनोज कुमार, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता सौरभ मंगला और प्रशांत सोनी सहित अन्य अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।


No comments:
Post a Comment