फर्जी आधार से बनवाता था पासपोर्ट  शातिर को पुलिस ने दबौचा 

 पुलिस ने10 आधार कार्ड और आवेदन पत्र बरामद

मेरठ।  पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट तैयार कराने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 10 आधार कार्ड, 10 पासपोर्ट आवेदन पत्र, एक कूटरचित आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थाना मवाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बहोड़पुर निवासी सलीम पुत्र सलाउद्दीन (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाने के अवैध कारोबार में शामिल था। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 आधार कार्ड, 10 पासपोर्ट एप्लीकेशन फॉर्म, एक फर्जी आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक पैन कार्ड बरामद किया गया।

मामले में थाना मवाना पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मेरठ और हापुड़ में पहले से धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने मामलों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद लैपटॉप और मोबाइल फोन की फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इस गिरोह में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मेरठ पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट बनवाने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts