मकोका आरोपी के घर दिल्ली क्राइम ब्रांच की दबिश

मेरठ में ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की नोटिस चस्पा, फरार आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी

मेरठ, 24 जुलाई। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर में मकोका मामले के फरार आरोपी रईस उर्फ मुल्ला के घर दबिश दी। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने इलाके में सार्वजनिक मुनादी कराई और आरोपी के मकान पर अदालत द्वारा जारी कुर्की का नोटिस चस्पा किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे मोहल्ले में घोषणा कर आरोपी को निर्धारित समय के भीतर अदालत में पेश होने की चेतावनी दी। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए।

दिल्ली क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, रईस उर्फ मुल्ला मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) से जुड़े एक मामले में आरोपी है। जमानत मिलने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि कई बार तलाश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ।

अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो उसके खिलाफ संपत्ति कुर्की समेत अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ढोल-नगाड़ों के साथ हुई इस कार्रवाई से किदवई नगर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts