पेपर लीक आंदोलन को किसानों का साथ
27 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचेंगे BKU उगराहां के किसान
नई दिल्ली/चंडीगढ़। पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को अब भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) का समर्थन मिल गया है। संगठन ने घोषणा की है कि 27 जुलाई को पंजाब से किसान दिल्ली पहुंचकर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होंगे।
भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि 21 जुलाई को छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई से पंजाब के किसानों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों की मांगों पर समाधान नहीं निकलता, किसान जंतर-मंतर पर उनके साथ प्रदर्शन करेंगे।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने किसान संगठन के समर्थन का स्वागत किया है। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "अब और आएगा मजा।"
उधर, छात्र आंदोलन को लेकर दिल्ली में मुस्लिम नेताओं और धर्मगुरुओं की भी बैठक हुई। बैठक में छात्र आंदोलन के समर्थन में आवाज उठाई गई। सरवर चिश्ती ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की अपील की और शाहीन बाग आंदोलन का उल्लेख किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाई गई मांगें ही पार्टी की आधिकारिक मांगें हैं और जब तक सरकार उन पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, विपक्ष इस मुद्दे को उठाता रहेगा।
वहीं, सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच प्रस्तावित बैठक को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर स्थान और समय की पुष्टि नहीं की गई है। बातचीत को लेकर दोनों पक्षों की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


No comments:
Post a Comment