बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिले

 पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की गोली लगने से मौत

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के झौंहना गांव में शुक्रवार रात एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनकी तीन वर्षीय बेटी और 10 माह का बेटा शामिल हैं। चारों की मौत गोली लगने से हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बजरंगी गिरी (28), उनकी पत्नी कोमल गिरी (25), बेटी श्रद्धा (3) और बेटे जयदीप (10 माह) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान घटनास्थल से दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या, आत्महत्या या अन्य किसी भी संभावना को ध्यान में रखकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts