डीआईओएस के औचक निरीक्षण में स्कूलों की खुली पोल
शिक्षकों के पास नहीं मिली शिक्षक डायरी, कई शिक्षक व प्रधानाचार्य गैरहाजिर; वेतन रोकने के निर्देश
मेरठ। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) जगदीश प्रसाद शुक्ल ने मंगलवार को शहर के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में शिक्षकों के पास शिक्षक डायरी और पाठ योजना नहीं मिली, जबकि कई शिक्षक, कर्मचारी और प्रधानाचार्य अनुपस्थित पाए गए। साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में भी गंभीर खामियां मिलने पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर एक दिन का वेतन रोकने अथवा काटने के निर्देश दिए गए।
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कम मिली छात्र उपस्थिति
बेगमपुल रोड स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान लिपिक सुनील कुमार, शुभम सैनी, आंचल तोमर तथा सहायक अध्यापिका शैली अनुपस्थित मिलीं। 760 पंजीकृत विद्यार्थियों में से केवल 150 छात्र ही उपस्थित पाए गए। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति पर भी डीआईओएस ने नाराजगी जताई और नवनिर्मित शौचालय, प्रयोगशाला, डिजिटल लैब एवं स्मार्ट क्लास का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राम सहाय इंटर कॉलेज में नहीं मिली शिक्षक डायरी
गढ़ रोड स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में आउटसोर्सिंग कर्मचारी लोकेश कुमार अनुपस्थित मिले। छात्रों ने बताया कि कक्षा 10 के मासिक परीक्षण नहीं कराए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में समय-सारिणी प्रदर्शित नहीं मिली और किसी भी शिक्षक के पास शिक्षक डायरी अथवा पाठ योजना उपलब्ध नहीं थी।
कक्षा छह के विद्यार्थियों ने यह भी शिकायत की कि मिड-डे मील के तहत दूध, केला और फल नहीं दिए जाते तथा प्रवेश के समय आवेदन के नाम पर 100 रुपये लिए जाते हैं। डीआईओएस ने कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटने और सभी कक्षाओं में नियमित मासिक परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
शांता स्मारक कन्या इंटर कॉलेज में भी मिलीं कमियां
गढ़ रोड स्थित शांता स्मारक कन्या इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य अपने कक्ष में न होकर स्टाफ रूम में मिलीं। उन्होंने बताया कि बाबू के अनुपस्थित रहने के कारण प्रधानाचार्य कक्ष नहीं खुल सका। कक्षा 11 की शिक्षिकाओं के पास भी शिक्षक डायरी नहीं मिली। छात्राओं ने मिड-डे मील में दूध नहीं मिलने की शिकायत की। डीआईओएस ने संबंधित बाबू से स्पष्टीकरण लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनुपस्थित
माधवपुरम स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य तथा दो लिपिक अनुपस्थित मिले। कंप्यूटर कक्ष अव्यवस्थित और शौचालय गंदे पाए गए। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएन इंटर कॉलेज की व्यवस्था मिली संतोषजनक
डीएन इंटर कॉलेज में निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य आकस्मिक अवकाश पर थे, लेकिन विद्यालय परिसर साफ-सुथरा मिला और कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
मनोविज्ञान केंद्र में झाड़ियों पर जताई नाराजगी
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के निरीक्षण के दौरान भवन के चारों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां मिलने पर डीआईओएस ने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और मूलभूत सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment