राज्यसभा सांसद के प्रयास से काशी उपवन में लगे 250 पौधे

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत मियावाकी वन विकसित करने की पहल

मेरठ। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई के प्रयासों से मंगलवार को अचरोदा रोड स्थित काशी उपवन में 250 पौधों का रोपण किया गया। काशी पानी की टंकी के सामने आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत आयोजित किया गया।

मेरठ नगर निगम द्वारा आयोजित इस अभियान के अंतर्गत स्कूल के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से पौधारोपण किया गया। नगर निगम ने शहर में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

कार्यक्रम के तहत मियावाकी पद्धति से चार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस तकनीक का उद्देश्य कम क्षेत्र में घना वन विकसित करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके।

नगर निगम ने नागरिकों से भी वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी की अपील की है। जो लोग अपने क्षेत्र में पौधे लगाना चाहते हैं, वे नगर निगम अथवा राज्यसभा सांसद कार्यालय से पौधे प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, हरिकांत अहलूवालिया, विवेक बाजपेई, नरेंद्र उपाध्याय, पार्षद राजीव गुप्ता, कुलदीप वाल्मीकि, संदीप रेवड़ी, रामवीर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts