अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग से 8 की मौत,15 घायल 

धमाकों से दहलता रहा  इलाका,पीएम मोदी ने जताया शोक

मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार सहायता राशि का ऐलान

अहमदाबाद, 18 जुलाई। गुजरात के अहमदाबाद के महमूदपुरा क्षेत्र स्थित गैट्रेड रोड पर शनिवार को टैलेंट फायरवर्क्स नामक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री में लगातार तेज धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, एंबुलेंस तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एलजी अस्पताल, सिविल अस्पताल तथा अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद फैक्ट्री के भीतर एक के बाद एक कई जोरदार विस्फोट हुए, जिनकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाकों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और क्षेत्र को तत्काल खाली कराया गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त तथा प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सकेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और फैक्ट्री परिसर की पूरी तरह जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस तथा संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts