गाजियाबाद-दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनें प्रभावित
नई दिल्ली, 21 जुलाई। गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटना के बाद उत्तर रेलवे ने कई यात्री और ईएमयू ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द तथा मार्ग परिवर्तित कर संचालित किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीमें तत्काल बहाली कार्य में जुट गईं, ताकि प्रभावित रेलखंड पर जल्द से जल्द ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके।
दुर्घटना के कारण गाजियाबाद-नई दिल्ली, नई दिल्ली-गाजियाबाद, दिल्ली-शाहिबाबाद और शाहिबाबाद-दिल्ली के बीच संचालित कई ईएमयू लोकल सेवाएं प्रभावित हुईं। कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कई ट्रेनों का संचालन गाजियाबाद तक सीमित रखा गया या वहीं से प्रारंभ किया गया। इससे दैनिक यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
रेलवे ने सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर सहित कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर वैकल्पिक रूट से संचालन किया। इसके अलावा अलीगढ़, पलवल और साहिबाबाद की ओर जाने वाली कई सेवाओं के परिचालन में भी बदलाव किया गया।
उत्तर रेलवे के अनुसार, इस घटना से कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुईं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित, 16 ट्रेनों को पूर्णतः रद्द, 5 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द तथा 8 ट्रेनों को नियंत्रित (रेगुलेट) कर चलाया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी है और ट्रैक को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा।


No comments:
Post a Comment