यूपी कैबिनेट की बैठक में 18 प्रस्तावों को मंजूरी, छात्राओं को स्कूटी योजना और दो नए एक्सप्रेसवे को हरी झंडी

लखनऊ, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में दो नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, उच्च शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों तथा विधानमंडल के मानसून सत्र की तिथियों सहित कई अहम निर्णय लिए गए।

दो नए एक्सप्रेसवे को मंजूरी

कैबिनेट ने प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित 333 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी। इस परियोजना पर लगभग 26,000 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

इसके अलावा 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति दी गई। यह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा और गाजीपुर, मिर्जापुर तथा चंदौली जिलों से होकर गुजरेगा। परियोजना की अनुमानित लागत 9,039 करोड़ रुपये है, जिसमें निर्माण और भूमि अधिग्रहण दोनों शामिल हैं।

कैबिनेट ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 1.18 किलोमीटर लंबे डायवर्जन निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की।

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी

उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्तावों के तहत रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को स्वीकृति दी गई। योजना के अंतर्गत प्रदेश के महाविद्यालयों की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी प्रदान की जाएगी। सरकार ने इसके लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे लगभग 50 हजार छात्राओं को लाभ मिलने की संभावना है।

इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शोध पीठ स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया। पात्र विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को निर्धारित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

महिला छात्रावास निर्माण को भी मंजूरी

वाराणसी स्थित बसंत महिला विश्वविद्यालय में 112 छात्राओं की क्षमता वाले नए छात्रावास के निर्माण के लिए 2.48 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इससे छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

3 से 6 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र

कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित करने का निर्णय लिया। सत्र के दौरान सरकार विधायी कार्यों के साथ अनुपूरक बजट भी पेश करेगी।

इसके अलावा कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य प्रस्तावों तथा संभल रिपोर्ट को भी मंजूरी प्रदान की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts