218 करोड़ की जीएसटी चोरी में सपा जिला कोषाध्यक्ष समेत तीन गिरफ्तार

-बदायूं में अवैध पान मसाला फैक्ट्री पर जीएसटी टीम ने कई घंटे छापेमारी की थी

-जीएसटी टीम ने मेरठ कोर्ट में किया पेश, तीनों 14 दिन की न्यायिक हिरासत

मेरठ। 218 करोड़ की कर चोरी के मामले में सपा के बदायूं जिले के कोषाध्यक्ष समेत तीन को जीएसटी की टीम ने गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जीएसटी की टीम ने यह कार्रवाई बदायूं में अवैध रूप से संचालित की जा रही पान मसाला और गुटखा फैक्ट्री के माध्यम से 218 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में की है।

बदायूं सपा जिला कोषाध्यक्ष की रचित गुप्ता की पान मसाला और गुटखा की फैक्ट्री बदायूं में हैं। दिल्ली, नोएडा और मेरठ के अधिकारियों की संयुक्त ने रचित गुप्ता के बदायूं स्थित दातागंज आवास और ठिकानों पर छापेमारी की। कड़ी सुरक्षा में टीम ने कंप्यूटर रिकार्ड, कर संबंधी फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख खंगाले। 12 घंटे की पड़ताल के दौरान जांच में सामने आया कि रचित गुप्ता के प्रबंधन और नियंत्रण में गुटखा पाउच बनाने वाली 12 एफएफएस मशीनें अवैध रूप से चल रही थीं, जिन्हें मनोज साहू और उमेश संचालित कर रहे थे। फरवरी से जून 2026 के बीच बिना किसी पंजीकरण और सरकार को सूचित किए इन मशीनों का संचालन कर करीब 218 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की गई। टीम को मौके से 410 किलो कटी हुई सुपारी समेत गगन, शिखर, गोल्ड मोहर और दिलबाग ब्रांड के भारी मात्रा में तैयार माल और पाउच मिले। टीम रचित, मनोज साहू और उमेश को लेकर मेरठ आई और कोर्ट में पेश किया। यहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। रचित गुप्ता का पेट्रोल पंप का कारोबार भी है। आठ दिन पहले ही उन्हें सपा का जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया था। रचित गुप्ता दातागंज विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी अखिलेश परिवार से नजदीकियां बढ़ गई थी और सपा का दामन थाम लिया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts