डीआईओएस कार्यालय का लेखाकार रिश्वत लेते गिरफ्तार
एंटी-करप्शन टीम ने 25 हजार रुपए के साथ रंगे हाथ दबोचा
मेरठ।भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत एंटीकरप्शन यूनिट ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय के लेखाकार राजीव सिंघल को शुक्रवार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए सिविल लाइन थाने ले जाया गया।
एंटीकरप्शन यूनिट को मवाना निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक महिपाल ने शिकायत दी थी। महिपाल के अनुसार, उनकी पेंशन संबंधी फाइल के निस्तारण के लिए लेखाकार राजीव सिंघल 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत, शिकायतकर्ता महिपाल रिश्वत की रकम लेकर डीआईओएस कार्यालय पहुंचे। जैसे ही उन्होंने लेखाकार राजीव सिंघल को 25 हजार रुपये दिए, सादे कपड़ों में मौजूद एंटीकरप्शन टीम ने उन्हें तत्काल रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी को थाने ले गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राजीव सिंघल की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही डीआईओएस कार्यालय में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और कर्मचारी इस घटनाक्रम पर चर्चा करते देखे गए। एंटीकरप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या उसने अन्य मामलों में भी इसी तरह रिश्वत ली थी।
यह पिछले आठ दिनों के भीतर मेरठ में एंटीकरप्शन यूनिट की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले, गंगानगर थाने में तैनात एक दरोगा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इन लगातार कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


No comments:
Post a Comment