2,000 से अधिक किसानों का कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा

मेरठ। अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को 2,000 से अधिक किसानों ने कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसान हाथों में ज्वार की फसल और हल लेकर पहुंचे तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नर कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा के मद्देनजर ताला लगा दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने धरने के दौरान प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में कमिश्नर उनकी मांगों का ज्ञापन स्वीकार नहीं करेंगे तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।

इसके बाद कमिश्नर की ओर से अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया। इसके पश्चात किसान लगभग 500 मीटर दूर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रैक्टर खड़े कर धरना शुरू कर दिया।

किसानों का कहना है कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं आकर उनकी समस्याओं पर चर्चा नहीं करेंगे और ज्ञापन स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts