14 अगस्त से सजेगा यूपी टी-20 लीग का रोमांच

 6 सितंबर को ग्रीन पार्क में होगा फाइनल

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग के आयोजन को लेकर रविवार को ग्रीन पार्क में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी गई।

यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता दो शहरों में आयोजित होगी। कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें शुरुआती 22 मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में और शेष 12 मैच, जिनमें प्लेऑफ व फाइनल भी शामिल हैं, कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे। आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि इस सीजन में खिलाड़ियों पर कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि बरसेगी। विजेता टीम को एक करोड़ रुपये और उपविजेता को 60 लाख रुपये दिए जाएंगे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

चौथे सीजन का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में होगा, जिसमें छह फ्रेंचाइजी 45 खिलाड़ियों का चयन करेंगी। इस बार "हर बाउंड्री, एक नई हरियाली" अभियान भी शुरू किया जाएगा। लीग में लगने वाले प्रत्येक चौके और छक्के के साथ एक पौधा प्रदेश में लगाया जाएगा।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि लीग में प्रदेश के सभी 75 जिलों के क्रिकेट प्रेमियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। दर्शकों के लिए टिकट किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे और कई नामचीन हस्तियां भी लीग का हिस्सा बनेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts