अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़
आग लगने से मचा हड़कंप; बड़ा हादसा टला, दो गिरफ्तार
मेरठ । थाना मुंडाली क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री परिसर में आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट और जनहानि की आशंका टल गई। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली कि मुरलीपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा निर्माण का कार्य चल रहा है और उसी स्थान पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना मुंडाली पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल विभाग को भी तुरंत बुलाया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया और फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला, जिससे आग फैलने या विस्फोट होने की स्थिति को रोका जा सका। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
पुलिस जांच में मौके से भारी मात्रा में पटाखे, कच्चा माल और निर्माण उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक भोलू उर्फ भूपेंद्र तोमर निवासी मुरलीपुर और एक महिला कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध फैक्ट्री रिहायशी इलाके में बिना अनुमति के संचालित की जा रही थी, जिससे स्थानीय लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री कितने समय से चल रही थी और इसमें कच्चा माल कहां से सप्लाई किया जा रहा था। बरामद सामग्री को नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित विभाग को सौंपा जाएगा।
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ऐसी गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


No comments:
Post a Comment