महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा
परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया
मेरठ। थाना लोहिया नगर क्षेत्र में डिलीवरी के 24 घंटे बाद एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हंगामे को शांत कराया।
जाकिर हुसैन कॉलोनी निवासी युवती की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व फतेहउल्लापुर निवासी समीर से हुई थी। यह दंपति का पहला बच्चा था।
परिजनों के मुताबिक, महिला को प्रसव के लिए हापुड़ रोड स्थित एम एनसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां डिलीवरी के लगभग 24 घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
मृतका के पति समीर का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ और प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस ने परिजनों से शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही, लेकिन फिलहाल परिजनों ने कोई लिखित शिकायत देने से इनकार किया है।
पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment