एसडीएम की गाड़ी के सामने लेटीं महिलाएं

पैमाइश विवाद पर तहसील में धरना, न्याय की मांग

मेरठ। मवाना तहसील में मंगलवार को भूमि पैमाइश विवाद को लेकर किसानों और महिलाओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार की गाड़ी के सामने कुछ महिलाएं सड़क पर लेट गईं, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

किसान नेता शौकीन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द समाधान की मांग की। वक्ताओं ने बताया कि आनंदवीर बनाम मोहनगिर प्रकरण में धारा-24 के तहत पूर्व में कानूनगो मुकेश गौड़ द्वारा की गई पैमाइश के आधार पर आदेश पारित किए गए थे।

प्रार्थी मोहनगिर का आरोप है कि यह पैमाइश गलत थी। उनका दावा है कि 3 जून 2026 को कानूनगो सीताराम द्वारा की गई नई पैमाइश में उनके खेत का रकबा 1865 वर्ग मीटर कम पाया गया है, लेकिन संबंधित रिपोर्ट अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।

मोहनगिर ने आरोप लगाया कि आनंदवीर ने उनके खेत में खूंटियां गाड़ रखी हैं, जिससे उन्हें खेती करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने गलत पैमाइश के कारण फसल और आर्थिक नुकसान होने की बात कही।

धरना समाप्त होने के बाद जब एसडीएम संतोष कुमार अपनी गाड़ी से तहसील परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी प्रदर्शन में शामिल कुछ महिलाएं अचानक गाड़ी के सामने सड़क पर लेट गईं। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। बाद में एसडीएम संतोष कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया गया। इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts