नैनीताल से पर्यटकों को मेरठ लौट रही ट्रेवलर खाई में गिरने से दो की मौत ,कई घायल
ताला फैक्ट्री के कारोबारी परिवार व रिश्तेदारों संग गये थे घुमने
मेरठ। ताला फैक्ट्री क्षेत्र के एक परिवार की नैनीताल यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। बुधवार को नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर लाल मिट्टी क्षेत्र के पास 28 लोगों से भरी टेंपो ट्रैवलर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। 24 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन नैनीताल रवाना हो गये है।
ताला फैक्ट्री निवासी अनीस अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ चार दिन पहले 14 जून को नैनीताल घूमने गए थे। बुधवार को सभी लोग मेरठ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी रास्ते में एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरी।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक वाहन में कुल 28 लोग सवार थे। हादसे में दो महिलाओं नाजनीन (32) पत्नी शाकिर और फरहत बेगम (55) की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है।
लिसाड़ी गेट के ताला फैक्ट्री निवासी नफीस और उनके भाई अनीस किताबों की प्रिंटिंग और स्टेशनरी का कारोबार करते हैं। दोनों भाई अपने परिवार के साथ घूमने के लिए उत्तराखंड के नैनीताल गए थे। मंझले भाई रईस नहीं गए थे, उनकी पत्नी और बच्चे गए थे। अनीस के साथ उनकी पत्नी रुकसाना और बच्चे अमन व अलविया था। नफीस के साथ उनकी पत्नी शहनाज और तीन बच्चे तसबीहा, जरनीम और सुहेमा गए थे। छह परिवार के 28 लोग घूमने गए थे।
वहां से बुधवार की रात सभी लोग घर वापस आ रहे थे। रास्ते में नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर इनके ट्रैवलर का ब्रेक फेल हो गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। यह हादसा कालाढूंगी से एक किलोमीटर पहले लाल मिट्टी इलाके में हुई। गाड़ी को नईम चला रहा था। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसमें नाजनीन और फरहत बेगम की माैत हाे गई।
हादसे में घायल
इस हादसे में परिवार के आशिक (24) पुत्र नवाबुद्दीन, सना (22) पत्नी आशिक, साबिर (2) पुत्र आशिक, साकिरा (15) पुत्री नवाब, आयशा (23) पत्नी मोमिन, अनीसा पत्नी निजामुद्दीन, फरहत (48) पत्नी इकबाल, नफीसा अहमद, शब्बीर अहमद (45), लाइस (30) पत्नी नईम, अलीया (25) पुत्री अनीस अहमद, रेशमा (40) पत्नी नवाब, रब्बाना (50) पत्नी अनीस अहमद, सुहेमा (8) पुत्री नफीस, तस्लीबिया (11) पुत्री इस्म, माहिरा (1) पुत्री नईमुद्दीन, मोमिन (30) पुत्र निजामुद्दीन घायल हुए हैं।
पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र में मातम छा गया। परिजन रातों-रात हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। अस्पताल के बाहर परिजनों की भीड़ जुटी हुई है और सभी घायल रिश्तेदारों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment