अवैध बसों के खिलाफ चला विशेष प्रवर्तन अभियान,7 बसों का चालान, 3 सीज

 मेरठ।  सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। मेरठ-हरिद्वार मार्ग पर स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 7 बसों का चालान किया गया, जबकि 3 बसों को विभिन्न अनियमितताओं के कारण सीज कर दिया गया। जांच में पाया गया कि ये बसें अखिल भारतीय पर्यटन परमिट पर स्टेज कैरिज यात्रियों का अवैध रूप से परिवहन कर रही थीं।

इन बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन, कर (टैक्स) बकाया और मोटरयान अधिनियम एवं नियमों के अन्य उल्लंघन भी पाए गए। इन सभी के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के चलने वाले वाहन न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करते हैं, बल्कि यात्रियों के जीवन और सुरक्षा से भी गंभीर समझौता करते हैं।

ऐसे वाहनों में तकनीकी खराबी, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। जनपद में अनधिकृत और नियमों के विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ इस प्रकार का विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

परिवहन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यात्रा करते समय केवल वैध परमिट और नियमानुसार संचालित बसों का ही चयन करें और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। बस स्वामियों और संचालकों से भी अपेक्षा की गई है कि वे यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करें और सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts