मेरठ के सदर बाजार में नाईट वियर फैक्ट्री चोरी
वेंटीलेशन की जाली उखाड़ कर अंदर घुसे चोर, व्यापारियों का हंगामा; फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
मेरठ। थाना सदर थाना क्षेत्र के गंज बाजार स्थित एक नाइट वेयर फैक्ट्री में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वेंटिलेशन की जाली उखाड़कर अंदर घुसे चोर गल्ले में रखा कैश और DVR लेकर फरार हो गए। सुबह फैक्ट्री खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
नंदन कुंज निवासी अभिषेक गोयल की यह फैक्ट्री है। मंगलवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब फैक्ट्री खोलने कर्मचारी हरिओम पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तुरंत अभिषेक गोयल और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गल्ले से कैश गायब है और पूरा सामान फैला हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर CCTV कैमरे की DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे सबूत मिटाने की कोशिश की गई।मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन करते हुए।पुलिस जांच में सामने आया कि फैक्ट्री के सामने लगे CCTV कैमरे के तार तीन दिन पहले ही काट दिए गए थे। 31 मई की सुबह करीब 5 बजे कैमरे बंद कर दिए गए थे, जिससे साफ है कि चोरी की पहले से रेकी की गई थी। एक अन्य कैमरा जाल से ढका हुआ था, जिससे उसका दृश्य भी स्पष्ट नहीं हो सका।
घरों के बाहर लगाए कुंडे, इलाके में फैली दहशत
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आसपास के कुछ घरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडे लगे मिले, जिससे लोग बाहर न निकल सकें। सामने एक हलवाई की दुकान पर सो रहे कर्मचारियों के कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद पाया गया।घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों ने मौके पर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में शातिर गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।


No comments:
Post a Comment