दिल्ली  के दंपत्ति ने की थी चोरी 

मेरठ सर्राफा बाजार में चोरी का खुलासा, लाखों के आभूषण बरामद

मेरठ।  देहली गेट थाना पुलिस ने सर्राफा बाजार में हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दिल्ली के एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को जीटीबी रोड स्थित सेना भर्ती कार्यालय, मेरठ कैंट के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान यूसुफ खान और उसकी पत्नी नगमा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रहने वाले हैं। बरामद सामान में सोने की दो चेन, चूड़ियां, पेंडल, टॉप्स, झुमकी और मोतियों की माला शामिल है, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

यह मामला 13 जून को सामने आया था, जब हापुड़ रोड स्थित भवानी नगर निवासी आसफा खान ने थाना देहली गेट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सर्राफा बाजार से उनके आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को मेरठ कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी यूसुफ पर दिल्ली में पहले से ही चोरी के छह मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से मेरठ पहुंचे थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या वे अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। फिलहाल दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts