तंबाकू केवल कैंसर ही नहीं, ओरल हेल्थ को भी करता है पूरी तरह बर्बाद – डॉ. पुनीत कालरा
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आनंद हॉस्पिटल, मेरठ द्वारा में जागरूकता अभियान आयोजित
मेरठ।विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को मेरठ में लोगों को तंबाकू एवं धूम्रपान के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से समाज को तंबाकू मुक्त बनाने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ दंत एवं मुख-जबड़ा शल्य चिकित्सक डॉ. पुनीत कालरा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए तंबाकू से होने वाले गंभीर नुकसानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. कालरा ने बताया, "आम तौर पर लोग तंबाकू को सिर्फ कैंसर से जोड़कर देखते हैं, लेकिन यह केवल कैंसर ही नहीं, बल्कि मसूड़ों की गंभीर बीमारी, दांतों का भारी नुकसान, मुंह के छाले, मुंह के अंदर सफेद एवं लाल चकत्ते (Leukoplakia/Erythroplakia) तथा ओरल कैंसर जैसी अत्यंत गंभीर समस्याओं का भी प्रमुख कारण है।"
उन्होंने आगे चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में मुख (ओरल) कैंसर के अधिकांश मामलों का सीधा संबंध किसी न किसी रूप में तंबाकू के सेवन से ही है। यदि समय पर इसकी जांच करा ली जाए और तंबाकू को पूरी तरह छोड़ने का दृढ़ संकल्प ले लिया जाए, तो हर साल हजारों लोगों की कीमती जान बचाई जा सकती है।
जागरूकता अभियान के दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को तंबाकू से शरीर पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आस-पास के समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का संदेश और शपथ दिलाई गई।
इस दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एनपी सिंह, अस्पताल के निर्देशक गौतम आनंद ,महाप्रबंधक मुनेश कुमार शर्मा एवं नीटू नागर प्रबंधक, मधुलिका बंसल और स्वास्थ्य कर्मी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment