एसएसपी आवास के पास एक्सिस बैंक के बाहर दिनदहाड़े बवाल
15 लाख के लेनदेन को लेकर दो गुट भिड़े, पुलिस ने संभाली स्थिति
मेरठ। शहर के अति संवेदनशील और वीआईपी क्षेत्र लालकुर्ती थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक्सिस बैंक के बाहर दिनदहाड़े दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना एसएसपी आवास मेरठ के बिल्कुल पास हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, फ्रूट मंडी से जुड़े दो बड़े व्यापारियों के बीच करीब 15 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी राजा, जो फ्रूट मंडी में आढ़त का कार्य करता है, ने आज बैंक से करीब 15 लाख रुपये की नकदी निकाली थी। जैसे ही वह बैंक से बाहर आया, पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के व्यापारी सद्दाम और उसके साथियों से उसकी कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह कहासुनी सड़क पर खुलेआम मारपीट में बदल गई। दोनों गुटों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और मौके पर भारी हंगामा हो गया। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना से राहगीर भी सहम गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी कि बैंक के बाहर 15 लाख रुपये की लूट हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और लालकुर्ती थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। चूंकि मामला वीआईपी इलाके का था, इसलिए पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो स्पष्ट हुआ कि यह कोई लूट की घटना नहीं थी, बल्कि दोनों व्यापारियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ आपसी विवाद था, जो हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया और सभी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला नियंत्रण में आ गया।


No comments:
Post a Comment