कलयुगी फूफा की करतूत, सगे भतीजे से मांगी 50 लाख की रंगदारी
तीन गिरफ्तार.धमकी भरी चिट्ठी और जिंदा कारतूस बरामद
मेरठ। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी फूफा ने अपने ही सगे भतीजे से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग डाली। पेशे से ठेकेदार भतीजे को धमकी भरा पत्र भेजकर मोटी रकम की मांग की गई थी। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ठेकेदार द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। मामले के खुलासे के लिए स्वाट टीम और थाना किठौर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।जांच के दौरान पुलिस ने रणनीति बनाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई और मुख्य आरोपी फूफा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से रंगदारी मांगने के लिए भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी और 32 बोर का एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए अवनीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और लालच के चलते इस पूरी साजिश को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने ठेकेदार को डराकर बड़ी रकम वसूलने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी साजिश नाकाम हो गई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग हैरान हैं कि जिस रिश्ते को परिवार में सम्मान और विश्वास का प्रतीक माना जाता है, उसी रिश्ते का सहारा लेकर रंगदारी की साजिश रची गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी गहन जांच जारी रहेगी।


No comments:
Post a Comment