खडखडी टोल प्लाजा पर खौफनाक बवाल
कार सवार युवकों से टोलकर्मियों की मारपीट, वीडियो वायरल
मेरठ। मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे पर स्थित खड़खड़ी टोल प्लाजा पर बीती रात उस समय हंगामा मच गया जब टोल भुगतान को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि टोलकर्मियों ने कार सवार दो युवकों के साथ दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार अतराड़ा गांव निवासी अनस सैफी और सलमान कार से गुजर रहे थे, इसी दौरान टोल प्लाजा पर भुगतान को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि टोलकर्मियों ने दोनों युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत उपचार के लिए खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और मामले ने तूल पकड़ लिया है।
इस घटना को लेकर आजाद अधिकार सेना ने कड़ा विरोध जताते हुए टोलकर्मियों की कार्रवाई को गंभीर बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि टोल प्लाजा पर इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
संगठन ने यह भी मांग की है कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और टोल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


No comments:
Post a Comment