मीनाक्षी नटराजन को तत्काल नहीं मिली राहत
नामांकन रद होने के मामले में अब कल होगी शीर्ष कोर्ट में सुनवाई
नई दिल्ली (एजेंसी)।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की एकमात्र उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नामांकन रद होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। लेकिन तत्काल उनको कोर्ट की ओर से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट कल यानी शुक्रवार को कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुनवाई करने के लिए सहमत हुआ है।
वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने आज (गुरुवार) जस्टिस पी.के. मिश्रा और जस्टिस अतुल एस. चंदुरकर की पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख (मेंशन) किया। सिंघवी ने इसे बेहद जरूरी मामला बताते हुए कोर्ट से जल्द सुनवाई करने या एक पंक्ति का अंतरिम आदेश जारी करने का अनुरोध किया। दलीलों को संज्ञान में लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मामले को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध (लिस्ट) कर दिया।
कोर्ट में सिंघिवी ने दावा किया कि रिटर्निंग ऑफिसर (चुनाव अधिकारी) ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र गलत तरीके से खारिज किया है। उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने अपने खिलाफ लंबित एक आपराधिक मामले का खुलासा नहीं किया। सिंघवी ने स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ केवल समन जारी किया गया था, कोर्ट ने मामले का संज्ञान तक नहीं लिया था। इसके बावजूद रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया।


No comments:
Post a Comment