अब बिग बाॅस्केट -डी मार्ट के नाम पर ठगी
फर्जी कॉल सेंटर पर छापा माकर किया भंडाफोड़, 5 साइबर ठग गिरफ्तार
गुरुग्राम ,एजेंसी। गुरुग्राम पुलिस ने Big Basket-D-Mart के नाम पर ठगी को अंजाम देने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 5 साइबर ठग गिरफ्तार किए गए हैं। ठगी का ये खेल दिल्ली के न्यू अशोक नगर में चल रहा था। ये ठग लोगों को D-Mart-Big Basket का फर्जी विज्ञापन दिखाकर फंसाते थे और APK फाइल भेजकर फोन हैक कर लेते थे। इसके बाद ठग बैंक लोगों के डिटेल उड़ाते थे। इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
गुरुग्राम की मानेसर साइबर अपराध थाना पुलिस ने Big Basket और D-Mart के नाम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर साइबर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने 23 जून 2026 को दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित ए-ब्लॉक में छापेमारी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में राज कुमार (27, नालंदा), प्रशांत कुमार (28, मुरादाबाद), करण (19, शेखपुरा), सोनू (24, शेखपुरा) और अखिल अहमद (28, बिजनौर) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 18 मोबाइल फोन और 1 टैब बरामद किए हैं।
कैसे हुआ ठगी का खुलासा?
दरअसल, इस पूरी वारदात का खुलासा 21 फरवरी 2026 को एक शिकायत के बाद हुआ। पीड़ित ने बताया कि फेसबुक पर सामान बेचने की ऐड देखकर संपर्क किया तो आरोपियों ने फर्जी पेमेंट लिंक भेजकर उसका फोन हैक कर 56,650 रुपये उड़ा लिए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी Big Basket और D-Mart के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वालों को सत्यापन और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर APK फाइल या फर्जी लिंक भेजते थे। लिंक क्लिक करते ही फोन का एक्सेस लेकर बैंकिंग डिटेल चुरा लेते थे। आरोपियों ने कबूला कि इस काम के लिए उन्हें बकायदा सैलरी भी मिलती थी।
दिल्ली में छापेमारी
मानेसर साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर के तकनीकी जांच के बाद दिल्ली में छापेमारी की कार्रवाई की। मौके से बरामद मोबाइल-टैब की जांच की जा रही है ताकि अन्य वारदातों का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने कई लोगों को इसी तरीके से निशाना बनाया है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऑफर्स पर आंख बंद कर भरोसा न करें। लोग किसी भी अनजान लिंक APK फाइल या पेमेंट रिक्वेस्ट को क्लिक करने से पहले कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट से वेरिफाई जरूर करें। वहीं, पुलिस द्वारा इस मामले में अभी आगे की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment