आलू भुजिया के पैकेट में मिली मरी हुई छिपकली
उपभोक्ता ने जांच और कार्रवाई की मांग की
मेरठ। दौराला क्षेत्र के अझौता गांव में एक प्रतिष्ठित कंपनी के आलू भुजिया पैकेट में मरी हुई छिपकली का बच्चा मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उपभोक्ता ने खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अझौता गांव निवासी आदिल ने बताया कि उन्होंने बच्चों के लिए गांव की एक दुकान से 5 रुपए का आलू भुजिया पाउच खरीदा था। बच्चे जब नमकीन खा रहे थे, तभी परिवार की नजर पैकेट के अंदर मरी हुई छिपकली के बच्चे पर पड़ी। इसके बाद तुरंत बच्चों को नमकीन खाने से रोक दिया गया।
समय रहते दिख गई, टला बड़ा खतरा
आदिल का कहना है कि यदि छिपकली समय पर दिखाई नहीं देती तो बच्चे उसे खा सकते थे। इससे उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था। उन्होंने संबंधित कंपनी और खाद्य सुरक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों में नाराजगी
घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकिंग की नियमित जांच होनी चाहिए। ऐसी लापरवाही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
जांच की मांग
ग्रामीणों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से संबंधित उत्पाद के नमूनों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


No comments:
Post a Comment