भारत कनेक्ट के माध्यम से ई-चालान भुगतान के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एनबीबीएल से जुड़ी

मेरठ: नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनपीसीआई भारत बिलपे लिमिटेड (एनबीबीएल) ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को अपने भारत कनेक्ट प्लेटफॉर्म पर ई-चालान श्रेणी के अंतर्गत बिलर के रूप में शामिल किया है। इस एकीकरण के साथ अब दिल्ली के नागरिक भारत कनेक्ट से जुड़े विभिन्न ऐप्स के माध्यम से अपने ट्रैफिक चालानों को खोज, देख और भुगतान कर सकेंगे। यह कदम भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना को और मजबूत करेगा।

डॉ. नूपुर चतुर्वेदी, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनबीबीएल ने कहा, “हम दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का भारत कनेक्ट इकोसिस्टम में स्वागत करते हैं और इस परियोजना को सफल बनाने में सहयोग के लिए एसबीआई का धन्यवाद करते हैं। इससे नागरिकों को अपने चालान संबंधी दायित्वों का भुगतान डिजिटल माध्यम से अधिक सुविधा के साथ करने का अवसर मिलेगा। ट्रैफिक चालान भुगतान को एकीकृत और मानकीकृत ढांचे में लाकर हम अधिक पहुंच, सहज भुगतान अनुभव और ऐसा मॉडल उपलब्ध करा रहे हैं जिसे देशभर के परिवहन प्राधिकरण आसानी से अपना सकते हैं।”

इस एकीकरण को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने संभव बनाया है, जो इस परियोजना में बिलर ऑपरेटिंग यूनिट (बीओयू) की भूमिका निभा रहा है। इस सहयोग के माध्यम से ट्रैफिक चालान भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल बनाया गया है, जिससे लोगों की भौतिक केंद्रों और मैनुअल भुगतान प्रक्रियाओं पर निर्भरता कम होगी।

एस.के. सिंह, डीसीपी (ट्रैफिक), मुख्यालय ने कहा, “यह सहयोग दिल्ली जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में ट्रैफिक प्रवर्तन और नागरिकों के बीच जुड़ाव के तरीके में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है। ई-चालान भुगतान के लिए भारत कनेक्ट के साथ हमारा एकीकरण नागरिकों को डिजिटल माध्यम से अधिक सुविधा प्रदान करेगा। यह पहल तकनीक के माध्यम से प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर सार्वजनिक सेवा उपलब्ध कराने की हमारी व्यापक प्रतिबद्धता के अनुरूप है।”

एसबीआई के प्रवक्ता ने कहा, “इस साझेदारी के माध्यम से हम देश के सबसे व्यस्त शहरी केंद्रों में से एक में महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा के लिए एक मजबूत और विस्तार योग्य भुगतान ढांचा उपलब्ध करा रहे हैं। हमारी भूमिका ऐसा भरोसेमंद आधार तैयार करने की रही है जो बड़ी मात्रा में लेन-देन को संभाल सके, विश्वसनीयता बनाए रखे और भारत कनेक्ट के व्यापक इकोसिस्टम के साथ सहज एकीकरण सुनिश्चित करे।”

यह पहल डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राज्य स्तरीय ट्रैफिक प्रवर्तन को भारत की डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) से जोड़ती है। गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में सफल क्रियान्वयन के बाद दिल्ली का इसमें शामिल होना इस मॉडल की उपयोगिता और विस्तार क्षमता को और मजबूत करता है। इससे अन्य राज्यों और परिवहन प्राधिकरणों के लिए भी इस व्यवस्था को अपनाना आसान होगा और वे नागरिकों को इसी तरह की सुविधाएं प्रदान कर सकेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts