शॉर्ट सर्किट से कार में लगी आग
अफरातफरी में लगा 5 किमी लंबा जाम ,चालक की बची जान
मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पल्हैड़ा फ्लाईओवर के ऊपर एक कार में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कार चालक ने बोनट से निकलते धुएं को देखकर तुरंत कार से बाहर निकल गया। कुछ ही मिनटों में कार धधकने लगी। इससे वहां अफरातफरी मच गई। घटना के समय पल्हैड़ा फ्लाईओवर के बराबर वाले पुल पर रैपिड रेल तेज गति से गुजर रही थी। मौके पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस और टोल प्लाजा की रूट ऑपरेशन टीम ने मेरठ-दिल्ली जा रहे ट्रैफिक को रोक दिया। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब पांच किमी लंबा जाम दौराला तक लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
दौराला के पबरसा गांव निवासी विपिन पंवार, जो सेना में नायक के पद पर तैनात हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी सीएनजी कार अपने दोस्त विक्रांत को दी थी। विक्रांत मंगलवार शाम को सिवाया टोल प्लाजा के पास से अपने घर जिटौली जा रहा था। जैसे ही कार पल्हैड़ा फ्लाईओवर पर पहुंची, उसमें शार्ट सर्किट से आग लग गई।
विक्रांत ने धुएं को देखकर तेजी से कार से बाहर निकल गया। आग की लपटें बहुत ऊंची हो गईं। इस घटना के कारण सड़क पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, वे वहां से गुजरती मेरठ मेट्रो की मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने लगी।
पुलिस ने ट्रैफिक को रोक दिया, जिससे दौराला तक जाम लग गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले कार पूरी तरह जल चुकी थी। पल्लवपुरम के एसएसआई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी और चालक सुरक्षित है।


No comments:
Post a Comment