विवाहित के साथ युवक के मिलने पर परिजनों काटा हंगामा 

 गुस्से में परिजनों ने फूंकी युवक की बाइक 

मेरठ। हस्तिनापुर कस्बे के गणेशपुर मार्ग स्थित एक होटल में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक विवाहित महिला के वहां मौजूद होने की जानकारी उसके परिजनों को मिल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और होटल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला के साथ मौजूद युवक की पिटाई कर दी गई और उसकी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना की जानकारी फैलते ही होटल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। बताया गया कि युवक की मोटरसाइकिल को भी आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

पुलिस पहुंची तो युवक हुआ फरार

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक वहां से फरार हो गया। वहीं महिला को सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

होटलों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संचालित कुछ होटलों की कार्यप्रणाली और वैधता पर सवाल उठाए हैं। नागरिकों का कहना है कि कुछ प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे होटलों की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

शैक्षणिक संस्थानों के पास संचालन पर आपत्ति

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिन स्थानों के आसपास शिक्षण संस्थान स्थित हैं, वहां इस प्रकार के प्रतिष्ठानों के संचालन की भी जांच होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले में गंभीरता से कदम उठाने की मांग की है।

क्या बोले क्षेत्राधिकारी

मवाना के क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने कहा कि मामले की जानकारी प्राप्त की जा रही है। थाना प्रभारी से रिपोर्ट ली जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts