विपिन हत्याकांड में भीम आर्मी का प्रदर्शन

आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, शस्त्र लाइसेंस और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की उठाई मांग

मेरठ। कंकरखेड़ा निवासी विपिन की 21 जून को हुई हत्या के मामले में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई हो।

ज्ञापन में मांग की गई कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए तथा मुकदमे में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई जाएं। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई।

भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष चतर सिंह जाटव ने कहा कि विपिन अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसकी हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उन्होंने कहा कि केवल नामजद आरोपी ही नहीं, घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शस्त्र लाइसेंस दिया जाए। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

चतर सिंह जाटव ने कहा कि कुछ हिन्दू संगठन इस मामले को हिंदू-मुस्लिम विवाद बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता और दोषियों को उनके अपराध के आधार पर सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी दलित समाज से जुड़े मामलों में कई संगठन चुप रहे, लेकिन अब माहौल को सांप्रदायिक बनाने की कोशिश की जा रही है।

मृतक की मां संतोष देवी ने कहा कि उनका बेटा ही बुजुर्ग माता-पिता का सहारा था। अब परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की गई और घटना में कई लोग शामिल थे, जबकि अब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल न्याय चाहिए और सभी दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

मृतक के पिता ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा, "हमें इंसाफ चाहिए। जिन्होंने मेरे बेटे को बेरहमी से मारा है, उन सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।"

समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण जाटव ने कहा कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी भी कुछ आरोपी कानून की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन उनके साथ खड़ा है और सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts