नीलकंठ होटल पर पुलिस का छापा

 पांच युवतियों व तीन युवकों को दबोचा 

 एसडीएम सदर देहात और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मची भगदड़, होटल मालिक, संचालक मौके से फरार

  मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में रोहटा रोड स्थित सिंघावली गांव के पास नीलकंठ होटल में चल रहे संदिग्ध खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुरूवार शाम एसडीएम सदर देहात के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मारा। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से होटल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और वहां भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस को चकमा देकर होटल मालिक, संचालक और मैनेजर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को पिछले कुछ समय से नीलकंठ होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना को पुख्ता कर बृहस्पतिवार शाम को एसडीएम सदर देहात की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ होटल की घेराबंदी की गई। पुलिस के कदम रखते ही होटल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। जब कमरों की सघन तलाशी ली गई, तो वहां से पांच युवतियां और तीन युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड खंगाले, तो भारी अनियमितताएं सामने आईं। जिसमें होटल के एंट्री रजिस्टर में कई लोगों के नाम और पते आधे-अधूरे दर्ज थे। कुछ लोगों का तो कोई सही रिकॉर्ड ही नहीं रखा गया था और होटल में आग पर काबू पाने के लिए जरूरी अग्निशमन उपकरण (फायर फाइटिंग सिस्टम) भी नदारद मिले। जब पुलिस ने होटल से संबंधित अन्य विधिक दस्तावेजों की भी जांच की, जिसमें कई कमियां पाई गईं।

एसपी सिटी, विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि होटल में संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। मौके से रजिस्टर, अन्य जरूरी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। रिकॉर्ड और फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस को देख भागे मालिक और मैनेजर

-जैसे ही पुलिस ने होटल परिसर में एंट्री की, वहां मौजूद होटल मालिक मनीष (निवासी सरस्वती विहार), संचालक भुवन और मैनेजर टीटू को भनक लग गई। पुलिस टीम जब तक उन्हें दबोचती, तीनों चकमा देकर मौके से भाग निकले। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। पकड़े गए युवक-युवतियों से होटल में ठहरने के उद्देश्य और आईडी प्रूफ को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनैतिक गतिविधियों के कोण से भी मामले की पड़ताल की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts