मेडा और प्रशासन ने चलाया कोचिंग सैंटर पर चेकिंग अभियान , मिली अनियमितता
गुप्ता क्लासेस, एकलव्य और लक्ष्य एकेडमी को किया सील
मेरठ। मुख्यमंत्री के आदेश पर गुरूवार को मेरठ विकास प्राधिकरण ने अलग -अलग चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान काफी अनियमितता मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए कई कोचिंग सैंटरों को सील कर दिया गया।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले तीन कोचिंग सेंटरों पर मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने कार्रवाई की है। एमडीए की टीम ने गुरुवार को पूर्वी कचहरी रोड स्थित गुप्ता क्लासेस, एकलव्य और लक्ष्य एकेडमी को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान चलती क्लास से छात्रों को बाहर निकाला गया।यह कार्रवाई लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटरों में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए 72 घंटे के विशेष अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत उन कोचिंग सेंटरों को चिन्हित किया गया था जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे थे। अधिकांश सेंटरों में अग्निशमन यंत्र नहीं थे और उनके पास आवश्यक एनओसी भी नहीं थी।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने एडीएम सिटी बृजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी। इस टीम ने पहले शहर और देहात के कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजी थी। गुरुवार दोपहर को जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने भाजपा विधायक अमित अग्रवाल के आवास के पास स्थित इन सेंटरों पर दबिश दी।लगभग 4:00 बजे टीम इन सेंटरों पर पहुंची, उस समय छात्र कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे।मेडा की जनरल अधिकारी निकिता सिंह ने कोचिंग मालिकों से बिल्डिंग के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे उन्हें उपलब्ध नहीं करा सके।दस्तावेज न मिलने पर मेडा की टीम ने कक्षाओं में पढ़ रहे छात्रों को बाहर निकाला और तीनों कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया। मेडा की इस कार्रवाई का कोचिंग सेंटरों के मालिकों ने विरोध भी किया।मालिकों का कहना था कि ये इमारतें बहुत पुरानी बनी हुई हैं और लखनऊ में हादसे के बाद ही मेडा को इनकी याद आई है। इसी दौरान, गुप्ता क्लासेस के कर्मचारियों ने मेडा द्वारा लगाई गई सील हटाने का भी प्रयास किया।मेडा के कर्मचारियों ने परिसर में लगे सभी एकेडमी के बोर्ड भी हटवा दिए। छात्रों ने अपनी फीस वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अकादमी मालिकों की गलती की वजह से सजा मिल रही है।
प्रशासन की जांच में मिलीं सुरक्षा संबंधी खामियां, मानक पूरे करने के दिए निर्देश
गुरुवार को प्रशासन ने शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों की जांच अभियान के तहत बच्चा पार्क स्थित स्टार प्लाजा में निरीक्षण किया। एसीएम मृदुला दुबे, लालकुर्ती थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने स्टार प्लाजा में संचालित चाणक्य कोचिंग क्लासेज की जांच की।जांच के दौरान कोचिंग सेंटर में कई महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई। अधिकारियों को संस्थान के पास फायर एनओसी नहीं मिली। इसके अलावा परिसर में फायर अलार्म सिस्टम भी स्थापित नहीं था। जांच टीम ने पाया कि कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की ट्रेनिंग भी नहीं दी गई थी।सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर प्रशासन ने कोचिंग संचालक को नोटिस जारी कर सभी आवश्यक मानक पूरे करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फायर एनओसी प्राप्त होने और निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी होने तक कोचिंग क्लासेज का संचालन नहीं किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment