दो मंजिला घर की छत आंधी में उड़ी

 दहशत में परिवार ने  पूरी रात काटी 

बिलासपुर।  हिमाचल प्रदेश में बीती रात आंधी ने बिलासपुर के एक घर पर जमकर कहर बरपाया। बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत रोहिन पंचायत में बीती रात आए तेज तूफान अपने साथ बालक राम के मकान की पूरी छत उड़ा कर ले गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। वहीं, पीड़ित परिवार ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार अचानक आए तेज तूफान और आंधी के चलते मकान की टीन शेड छत पूरी तरह उखड़ गई। छत के साथ लगे पंखे और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हवाएं इतनी तेज थीं कि छत के टीन शेड और अन्य सामग्री दूर तक जा गिरी। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार की सहायता में जुट गए। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध करवाने की मांग की है।

वहीं, सदर विधायक त्रिलोक जामवाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन से भी प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

विधायक त्रिलोक जामवाल ने कहा, 'प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।  उन्होंने स्थानीय प्रशासन से नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा'। 

बिलासपुर उपायुक्त राहुल कुमार का कहना है कि मामला ध्यान में आया है पटवारी को संबंधित क्षेत्र का दौरा करने के आदेश है, पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts