कांवड़ यात्रा 2026 

 तैयारियों को लेकर डीएम ने अधिकारियों संग की बैठक 

अपने -अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश

      मेरठ । विकास भवन सभागार में डीएम डा. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में आगामी श्रावण कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु संबंधित अधिकारियो के साथ तैयारियो के संबंध में बैठक कर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई, आरआरटीएस, जल निगम, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, खाद्य सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियो को कांवड से संबंधित समस्त तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये।

 उन्होंने कहा कि कांवड मार्ग तथा मंदिरो के आसपास विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, साईनेज आदि व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करा लिया जाये। उन्होंने नगर निगम को समुचित साफ-सफाई, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, डिवाइडर आदि की व्यवस्था ससमय करने के निर्देश दिये। उन्होने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित समस्त संबंधित अधिकारियो को कांवड मार्ग की समस्त सडकों का स्थलीय निरीक्षण करते हुये दुरूस्त किये जाने के निर्देश दिये। सभी मार्ग पैदल चलने हेतु पूर्णतया उपयुक्त हो तथा सभी मार्गो पर साईनेज प्वाइंट का चिन्हांकन करते हुये कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।  

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि चिकित्सा शिविर, एम्बुलेन्स प्वाइंट तथा आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाई, मोबाइल बाइक एम्बुलेन्स, मोबाइल लाइट वैन, कर्मचारियो की डयूटी इत्यादि की कार्य योजना तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियो को कांवड मार्ग पर पडने वाले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, खम्भों को पालिथीन से कवर करने आदि का भौतिक निरीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कांवड मार्गों की यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, प्रमुख स्थानो पर साईनेज, बैरिकेडिंग का प्लान बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

उन्होंने कांवड मार्ग पर पडने वाले शिविरो में खाद्यान्न की गुणवत्ता, रेट लिस्ट इत्यादि के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि विभागों को जो भी कार्य एवं दायित्व सौंपे गये है उसके अनुसार कार्य योजना तैयार कर उपलब्ध करा दी जाये तथा उसी के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर पूर्व में की गई तैयारी की समीक्षा करते हुये कांवड यात्रा को बेहतर ढ़ग से सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एसएसपी अविनाश पांडे, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी ट्रैफिक, समस्त एसडीएम, अपर नगर आयुक्त, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, समस्त बीडीओ, समस्त ईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts