ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुशासनहीनताः सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने 930 चयनित कंप्यूटर ऑपरेटरों को दिए नियुक्ति पत्र
लखनऊ (एजेंसी)।लखनऊ में बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन में टालमटोल की प्रवृत्ति समाप्त होनी चाहिए। यदि वर्तमान सरकार भी पिछली सरकारों की तरह कार्यों को टालती रहती, तो उत्तर प्रदेश पुलिस में सवा दो लाख से अधिक भर्तियां संभव नहीं हो पातीं।
मुख्यमंत्री ने ड्यूटी के दौरान रील बनाने की प्रवृत्ति को अनुशासनहीनता बताते हुए कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भर्ती आयोग और बोर्ड में पारदर्शिता लाने के परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में न तो किसी प्रकार की सिफारिश चलती है और न ही कोई भेदभाव होता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में लगातार दंगे और लंबे समय तक कर्फ्यू की स्थिति रहती थी, जबकि आज कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली का भी बचाव करते हुए इसे प्रभावी पुलिस सुधार बताया।
अब दंगे और कर्फ्यू अतीत की बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब दंगे नहीं होते और महीनों तक कर्फ्यू लगने जैसी स्थिति भी समाप्त हो चुकी है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में कर्फ्यू लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।पहले पर्व और त्योहारों से पहले लोगों में आशंका और निराशा का माहौल रहता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
आज त्योहारों के आगमन पर पूरे प्रदेश में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिलता है। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम जनता के सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण विकास की आधारशिला है।


No comments:
Post a Comment