रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज में योग शिविर का भव्य शुभारंभ
कॉलेज की 70 छात्राओं ने किया प्रशिक्षण
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आरजी पीजी कॉलेज में योग शिविर एवं सेवा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में किया गया, जबकि संयोजिका प्रो. भावना मित्तल के नेतृत्व में योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। इस दौरान योग विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग तथा एनसीसी की लगभग 70 छात्राओं को योगासन, प्राणायाम और मंत्रों का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षण सत्र में आचार्य दीपा त्यागी और आचार्य कीर्ति धामा ने छात्राओं को लगभग 45 मिनट तक विभिन्न योग अभ्यास करवाए। इस अवसर पर छात्राओं को नियमित योग अपनाने और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम संयोजिका प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि यह योग एवं सेवा शिविर 15 जून से 22 जून तक निरंतर चलेगा। इसमें छात्राओं के साथ-साथ शिक्षिकाएं, कर्मचारी और आम नागरिक भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और नवाचार के तहत योग को व्यापक रूप से बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर सेवा कार्य के तहत एंटी रैगिंग सेल द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें डॉ. अनुपमा सिंह और डॉ. पूनम ने छात्राओं एवं कर्मचारियों को शरबत वितरित किया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि योग शिविर का उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ होने वाली बीमारियों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अस्थमा और वात रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना है। साथ ही “Yoga for Healthy Ageing” थीम के अनुरूप स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस अवधि में विभिन्न योग प्रतियोगिताएं और सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी, जिससे छात्राओं में सामाजिक सेवा की भावना और अधिक विकसित हो सके।


No comments:
Post a Comment