जंगली पशुओं से फसल को बचाने में मदद करेगी योगी सरकार 

- बागवानी फसलों की तार फेंसिंग पर 50 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान

- एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत सब्जी की फसलों पर भी मिलेगा लाभ

मेरठ। छुट्टा पशुओं और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। किसानों की फसलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बागवानी फसलों की तार फेंसिंग (बाड़बंदी) पर 50 प्रतिशत अनुदान देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाएगी।

 राज्य सरकार बागवानी के विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। फल, सब्जी, मसाले, फूल और औषधीय पौधों की खेती पर पहले से अनुदान दिया जा रहा है, वहीं अब किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग की अतिरिक्त सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इससे किसानों की मेहनत से तैयार फसल को छुट्टा पशुओं और अवांछनीय तत्वों से बचाने में मदद मिलेगी।

योजना के तहत तार फेंसिंग की अनुमानित लागत 300 रुपये प्रति रनिंग मीटर निर्धारित की गई है। इस पर किसानों को 150 रुपये प्रति मीटर यानी कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। प्रत्येक किसान अधिकतम 5000 मीटर तक की तार फेंसिंग पर इस योजना का लाभ उठा सकेगा। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में कुल 5 लाख मीटर फेंसिंग कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मजबूत पोल और कंटीले तारों से होगी बाड़बंदी

फेंसिंग के लिए लोहे के मजबूत पोल लगाए जाएंगे, जिनके बीच लगभग 10 फुट की दूरी रखी जाएगी। इन पोलों के बीच कंटीले तार लगाकर बाड़बंदी की जाएगी, ताकि फसलें छुट्टा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षित रह सकें। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को उद्यानिकी विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, खसरा-खतौनी और बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेज जरूरी होंगे।

50 किसानों को दिया जाएगा लाभ

जिला उद्यान अधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि पिछले साल 15 बागवानों को इस योजना का लाभ दिया गया था। इस बार जिले में न्यूनतम 50 किसानों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य राज्य सरकार की ओर से दिया गया है। इस योजना के तहत एक हेक्टेयर में 400 रनिंग मीटर पर अनुदान देने की योजना है। एक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर तक ही अनुदान प्रदान किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts