गुजरात में दो सरकारी बसों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत 8 यात्रियों की जलकर मौत ,कई घायल 

राजकोट में भी श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे में सास-बहू की मौत

सूरत/राजकोट। गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका के अंतर्गत उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 53 (NH-53) पर मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो सरकारी बसों के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई। जिसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें देखते ही देखते भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। हादसे की जानकारी पर पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्परता से राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाला हादसा मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। राजमार्ग पर पहले से ही एक टैंकर पलटा हुआ था। तेज रफ्तार में आ रही महाराष्ट्र रोडवेज की एक बस के चालक ने जब अचानक सामने पलटे टैंकर को देखा, तो उसने वाहन को बचाने की कोशिश में स्टीयरिंग पर से नियंत्रण खो दिया। नतीजा यह हुआ कि बस अनियंत्रित होकर बीच का डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही निगम की ही दूसरी बस से सीधी जा टकराई। टक्कर लगते ही एक बस पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त बसों में से एक सीएनजी संचालित थी, जिसके फ्यूल टैंक में ब्लास्ट होने से कुछ ही क्षण में ही आग लग गई। घटना की भयावहता को देखते हुए सूरत और पड़ोसी तापी जिले से भारी पुलिस बल के साथ दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और जलती हुई बस से यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। 

मशक्कत के बाद आग पर काबू

बारडोली ग्रामीण पुलिस निरीक्षक पी.एन.जडेजा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि हादसा किस तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

कलेक्टर तेजस पटेल ने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। अब तक 8 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। कुल 17 घायलों का इलाज बारडोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य अस्पतालों में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है। इनमें से 7 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है ताकि मृतकों की संख्या न बढ़े। उन्होंने कहा कि सभी मृतकों की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को शव सौंपे जाएंगे। इस संबंध में महाराष्ट्र के धुले जिला प्रशासन से भी संपर्क किया गया है।

कर्ई घायलों की हालत गंभीर

कलेक्टर के अनुसार हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बारडोली फायर विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों का उपचार बारडोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूरत सिविल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में किया जा रहा है। बारडोली सीएचसी में करीब 17 घायलों का इलाज चल रहा है। जबकि सात घायलों को सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के कारण लंबा जाम

हादसे के कारण हाइवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

एक अन्य हादसे में सास-बहू की मौत

राजकोट के गोंडल में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने के एक अन्य सड़क हादसे में, गुजरात के राजकोट जिले के गोंडल कस्बे के पास श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस पलटने से एक महिला और उसकी पुत्रवधू की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य सह-यात्री घायल हो गए। यह हादसा गोंडल तालुका के वोराकोटडा गांव के पास एक संकरी सड़क पर तब हुआ, जब करीब 60 श्रद्धालुओं को लेकर बगदाणा धार्मिक स्थल से लौट रही बस के सामने अचानक एक ट्रक आ गया। रास्ता कम होने के कारण बस चालक ने गाड़ी को जैसे ही रिवर्स (पीछे) करना शुरू किया, वह दूरी का सही अनुमान नहीं लगा पाया और बस एलिवेटेड रोड से नीचे सीधे एक खेत में जाकर पलट गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts