दिल्ली में झुग्गी वासियों को बड़ी सौगात

 441 करोड़ रुपये के बजट से चमकेगी दिल्ली बस्तियों  की किस्मत

गरीब लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली।  दिल्ली सरकार झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाखों नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर विकास कार्य करा रही है. सीएम रेखा गुप्ता ने सचिवालय में कहा कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के माध्यम से राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण, मरम्मत, उन्नयन और जनकल्याण से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं.

इन परियोजनाओं का उद्देश्य झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ तथा सुविधाजनक बनाना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी कार्य डूसिब के बजट से कराए जा रहे हैं. इसके अतिरिक्त दिल्ली सरकार के सामान्य बजट तथा अन्य विभागों के माध्यम से भी झुग्गी बस्तियों में विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों पर अलग से व्यय किया जा रहा है.

डूसिब से वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में जारी हुआ फंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि डूसिब के माध्यम से वर्ष 2025-26 और 2026-27 में राजधानी की विभिन्न झुग्गी बस्तियों में कुल 1,510 विकास एवं निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं. इनमें 2025-26 में 1,253 कार्यों पर 379.80 करोड़ रुपये तथा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 257 कार्यों पर 61.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है. इस प्रकार दोनों वर्षों में कुल 441.10 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों को गति दी जा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत सामुदायिक शौचालयों और जनसुविधा परिसरों का निर्माण एवं नवीनीकरण, सामुदायिक भवनों का उन्नयन, पेयजल एवं सीवर व्यवस्था में सुधार, गलियों और आंतरिक सड़कों का विकास, नालियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, सीमा दीवारों एवं प्रवेश द्वारों का निर्माण, वर्षा जल निकासी, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास के कार्य कराए जा रहे हैं.

No comments:

Post a Comment

Popular Posts